कुरुक्षेत्र, 30 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में गुरुवार को डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर स्थित कम्युनिटी सेंटर के समीप पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने मुख्य अतिथि तथा कुलसचिव लेफ्टिनेंट (प्रो.) वीरेन्द्र पाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सामाजिक दायित्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरणीय चुनौतियाँ लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे समय में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी की जीवनरेखा हैं, जो हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ वातावरण और संतुलित पारिस्थितिकी प्रदान करते हैं। यदि हम आज प्रकृति के संरक्षण के लिए संकल्पित होंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य मिल सकेगा।
कुलसचिव लेफ्टिनेंट (प्रो.) वीरेन्द्र पाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उनका संरक्षण करना है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर. चौधरी ने कहा कि हर पौधा स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव है। विद्यार्थियों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के ऐसे अभियानों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कोर्डिनेटर प्रो. आनंद कुमार ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पौधारोपण अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों, शिक्षण विभागों एवं संस्थानों के अधिष्ठाताओं, निदेशकों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, प्रो. कृष्णा, खेल निदेशक प्रो. डीएस राणा, प्राक्टर प्रो. अनिल गुप्ता, प्रो. विवेक चावला, प्रो. आनंद कुमार, प्रो. परमेश कुमार, लोक सम्पर्क विभाग की उपनिदेशिका डॉ. जिम्मी शर्मा, प्रो. अनिता दुआ, प्रो. गुरचरण सिंह, डॉ. नीरज बातिश, डॉ. मीनाक्षी सुहाग, डॉ. वीर विकास, डॉ. निधि माथुर, डॉ. राजेश राजौंद सहित शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद थे।
