करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने चौधरी कॉलोनी स्थित अपने निवास पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान, परिवार सुदृढ़ीकरण तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक, सार्थक एवं प्रेरणादायी विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि समाज में महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं तो परिवार, समाज और राष्ट्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है। उन्होंने महिला आयोग द्वारा महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मार्गदर्शन से समाज सेवा के कार्यों को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील होकर कार्य करना होगा। उन्होंने महापौर रेणु बाला गुप्ता द्वारा सामाजिक सरोकारों एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से महिला सशक्तिकरण के अभियान को और अधिक मजबूती मिलती है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि मीना परमार का स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद समाजहित के कार्यों में निरंतर प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण की योजनाओं को नई गति मिलेगी।

दोहराया जनकल्याण का संकल्प
इस अवसर पर पूर्व चेयरपर्सन निर्मला बैरागी और मीना चौहान सहित अन्य सम्मानित महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण के कार्यों को समर्पित भाव से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराते हुए सभी ने राष्ट्र एवं समाज की निरंतर प्रगति की कामना की।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *