नीलोखेड़ी/करनाल, 29 जुलाई। एसडीएम अशोक कुमार ने बुधवार को उप-तहसील निगदू का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसेवा के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए।
एसडीएम अशोक कुमार ने निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों का रख-रखाव, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। इस मौके पर उप-तहसीलदार साहिल अरोड़ा, हल्का कानूनगो अमन कुमार, नव नियुक्त पटवारी, रजिस्ट्रेशन क्लर्क तथा कंप्यूटर ऑपरेटर्स अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित रहे। इस दौरान कंप्यूटर कक्ष, न्यायालय कक्ष तथा रजिस्ट्रेशन शाखा का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डब्ल्यूबीएन बलविंदर सिंह कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए, जबकि चपरासी एवं सफाई कर्मचारी अपने कार्यस्थलों पर उपस्थित मिले ।
निरीक्षण के बाद एसडीएम ने नव नियुक्त पटवारियों की बैठक लेकर उन्हें राजस्व कार्यों के निष्पादन, अभिलेखों के उचित रख-रखाव तथा आमजन को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । एसडीएम ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक के कार्य को निर्धारित समयावधि में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी भी प्रकार की अनावश्यक असुविधा या परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ शिष्ट एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी कर्मचारियों को कार्यालय में समय की पाबंदी, अनुशासन एवं कार्य के प्रति जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए ।
निरीक्षण के दौरान उप-तहसील निगदू की कार्यप्रणाली संतोषजनक पाई गई तथा कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती हुई मिलीं। एसडीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के निर्देश दिए ।
