कुरुक्षेत्र, 28 जुलाई। हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि वर्ष 2027 में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व पूरे राज्य में भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाया जा रहा है। इसके आयोजन की तैयारियों के लिए राज्य सरकार द्वारा कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा मंगलवार को समरसता संकल्प अभियान को लेकर एक निजी होटल में भाजपा कार्यकर्ताओं, पार्षदों के साथ बातचीत करने उपरांत बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि आगामी 29 जुलाई को हरियाणा का एक प्रतिनिधिमंडल वाराणसी में आयोजित विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों तथा पूजन-अर्चना में भाग लेगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी से सुशोभित कलश हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल को विधिवत सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल 30 जुलाई की सायंकाल पावन कलश लेकर गुरुग्राम के सिरहौल बॉर्डर पहुंचेगा, जहां भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा उसका भव्य स्वागत किया जाएगा। स्वागत के बाद इस पावन कलश को गुरुग्राम स्थित श्री शीतला माता मंदिर में स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 4 अगस्त को इस पावन कलश की मिट्टी भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को विधिवत प्रदान की जाएगी। इसके पश्चात यह पावन मिट्टी पूरे हरियाणा के गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी, ताकि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके तथा समरसता संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा सके। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रमेश सैनी, सुशील राणा, मालकीत ढांडा,साहिल सुधा, सभी पार्षद, भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
