कुरुक्षेत्र, 28 जुलाई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के गौरव को समर्पित हर घर तिरंगा 2026 अभियान जिला में बड़े उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया जाएगा। हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारे शहीदों के बलिदान को याद करने और देश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। जिला प्रशासन द्वारा अभियान के तहत तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, साइकिल रैली, प्रदर्शनी और स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर में तिरंगा फहराकर नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गर्व की भावना को बढ़ाना है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत कुरुक्षेत्र में बड़े पैमाने पर तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, आर्मी-फोर्स के जवान, एनजीओ और आम नागरिक शामिल होंगे। रैली की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गान से होगी। रैली के रूट, प्रतिभागियों के पंजीकरण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे ताकि तिरंगे का सम्मान बना रहे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि संस्कृति मंत्रालय द्वारा तैयार तिरंगा प्रदर्शनी को सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जाएगा। साइकिल रैली और ग्रीन बेल्ट की सजावट जिले के सभी ब्लॉकों और ग्राम पंचायतों में तिरंगा साइकिल या ई-बाइक रैली निकाली जाएगी। इसमें युवा बढ़-चढक़र हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि जिला की सभी सरकारी इमारतों, पुलों, सडक़ों, स्कूलों, अस्पतालों और प्रमुख चौराहों को तिरंगा थीम की लाइट और सजावट से सजाया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर बड़ी तिरंगा रंगोली बनाई जाएगी।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्कूल और कॉलेज अपने परिसर की दीवारों को तिरंगा आर्ट, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक वचनों और वंदे मातरम के अंशों से सजाएं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए हर घर तिरंगा डॉट कॉम पोर्टल पर सेल्फी विड तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। सभी अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड करें। इसके लिए व्यापक प्रचार किया जाएगा।
उपायुक्त ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस राष्ट्रीय पर्व को अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर तिरंगा लगाकर मनाएं।
