करनाल, 27 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 अभियान के तहत 24 जुलाई तक प्राप्त गणना प्रपत्रों के आधार पर तैयार मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 31 जुलाई को होगा।
उपायुक्त सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला के सभी ईआरओ की बैठक में बोल रहे थे। इस बैठक में उन्होंने एसआईआर अभियान के तहत विधानसभा वाइज ईआरओ से कुल प्राप्त प्रगणक पत्र व शेष के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ऐसे मतदाता जिनका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची 2026 में तो शामिल है, लेकिन वर्ष 2002 की मतदाता सूची से मैपिंग न होने या किसी लॉजिकल एरर के कारण सही मैपिंग नहीं हो सकी है, उन सभी मतदाताओं को संबंधित ईआरओ द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस प्राप्त होने पर मतदाता अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपने फॉर्म का सत्यापन करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 31 जुलाई को हो जाएगा। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 31 जुलाई से 30 अगस्त तक रहेगी, जबकि दावे और आपत्तियों का निपटान 31 जुलाई से 28 सितंबर, 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर, 2026 को होगा। उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई मतदाता ई.आर.ओ. के निर्णय से असंतुष्ट है, तो वह जिलाधीश के समक्ष अपील कर सकता है। जिलाधीश के निर्णय के विरुद्ध मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अपील कर सकता है। यदि किसी कारणवश किसी मतदाता का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाता है, तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है। निरंतर अद्यतन प्रक्रिया के दौरान या नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 (नव घोषणा पत्र के साथ) भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाया जा सकता है। वोटर कार्ड में किसी भी प्रकार की शुद्धि/सुधार करवाने के लिए फॉर्म नंबर 8 (नव घोषणा पत्र के साथ) भरकर जमा किया जा सकता है।
इस अवसर पर एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसडीएम असंध सुमित सिहाग, एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, एसडीएम इंद्री रमन गुप्ता, एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश सुरेश कुमार व चुनाव तहसीलदार सुदेश राणा मौजूद रहीें।
