करनाल, 27 जुलाई। जिला के किसानों के हितों की सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने किसानों से आह्वान किया है कि वे 31 जुलाई से पहले अपनी खरीफ फसलों का पंजीकरण मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से करवा लें। उन्होंने कहा कि यह केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसानों की फसल, अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा का मजबूत आधार है।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है और इन सभी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि आज किया गया पंजीकरण भविष्य में किसान की सबसे बड़ी सुरक्षा बन सकता है। प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, सूखा अथवा किसी अन्य कारण से फसल को नुकसान होने की स्थिति में मुआवजा एवं राहत सहायता तभी मिल सकेगी, जब किसान का पंजीकरण पोर्टल पर दर्ज होगा। इसलिए कोई भी किसान इस महत्त्वपूर्ण कार्य को अंतिम समय तक न टालें। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन योजनाओं का लाभ तभी मिल पाएगा जब किसान समय पर अपना पंजीकरण पूरा करेंगे। उन्होंने किसानों से स्वयं पंजीकरण करवाने के साथ-साथ अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
उप कृषि निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि कृषि विभाग के निर्देशानुसार अब उर्वरकों (खाद) का वितरण भी मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण के बाद ही किया जाएगा। इसलिये किसान समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य करवा लें ताकि उन्हें खाद की उपलब्धता सहित कृषि विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे। उन्होंने बताया कि यदि किसी किसान को पंजीकरण करवाने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह अपने सम्बंिधत कृषि अधिकारी, खण्ड कृषि कार्यालय, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा अटल सेवा केन्द्र से सम्पर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने बताया कि जिला में लगभग 5,15,820 एकड़ क्षेत्र में से पिछले वर्ष 66,661 किसानों द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 4,91,367 एकड़ का पंजीकरण किया गया था जोकि कुल क्षेत्र का लगभग 96 प्रतिशत था, लेकिन इस वर्ष आज तक केवल 54,665 किसानों द्वारा 3,49,637 एकड़ (68 प्रतिशत) क्षेत्रफल मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत किया गया है जोकि पिछले वर्ष से बहुत कम है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे 31 जुलाई 2026 से पहले मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य करवायें, ताकि सरकारी योजनाओं, उर्वरकों की उपलब्धता, प्राकृतिक आपदा की स्थिति में राहत एवं मुआवजा सहित सभी सुविधाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त हो सके।
