कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के आयुर्वेदिक अस्पताल द्वारा जिला कारागार, कुरुक्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 200 से अधिक बंदियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विभिन्न रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। जेल अधीक्षक धर्मबीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में बंदियों को आयुर्वेद आधारित जीवनशैली, संतुलित आहार, योग तथा नियमित दिनचर्या के महत्व की जानकारी भी दी गई।
आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजा सिंगला ने बताया कि कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय समाज के प्रत्येक वर्ग तक आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल अस्पताल तक सीमित रहकर उपचार देना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि कारागार में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य बंदियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच करना, उन्हें रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा आवश्यक चिकित्सा एवं परामर्श उपलब्ध कराना है, ताकि वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें। शिविर में कायचिकित्सा विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रीति गहलावत एवं उनकी टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। डॉ. प्रीति गहलावत ने ज्वर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों के दर्द, पाचन संबंधी विकार तथा अन्य सामान्य रोगों से पीड़ित बंदियों की जांच कर उन्हें आयुर्वेदिक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। इसके अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा ईएनटी (नाक, कान एवं गला) संबंधी समस्याओं से ग्रस्त रोगियों की भी जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान बंदियों की ब्लड शुगर एवं रक्त संबंधी आवश्यक जांचें निःशुल्क की गईं तथा जरूरतमंद मरीजों को आयुर्वेदिक औषधियां भी निःशुल्क वितरित की गईं। इस अवसर पर जेल अधीक्षक धर्मबीर सिंह, डीएसपी रोहन सिंह सहित जिला कारागार के अधिकारी, विश्वविद्यालय के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
