कुरुक्षेत्र। किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष एडवोकेट मधुसूदन बावेजा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा छात्रों के मुद्दों को लगातार उठाने का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने विद्यार्थियों के हितों के लिए लगातार संघर्ष किया और सरकार पर दबाव बनाया।
बावेजा ने कहा कि कांग्रेस का देश की आजादी और लोकतंत्र की रक्षा में ऐतिहासिक योगदान रहा है तथा पार्टी हमेशा जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विभिन्न मुद्दों पर जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे। उनके अनुसार शिक्षा, युवाओं और किसानों से जुड़े मामलों में सरकार को जवाबदेह बनाया जाएगा।
बावेजा ने कहा कि जनता परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस भविष्य में भी जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी।
