करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने बहादुर चंद कॉलोनी में आयोजित माता रानी की पावन चौकी में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ सहभागिता करते हुए मां भगवती के श्रीचरणों में शीश नवाया। उन्होंने समस्त करनालवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर विकास की मंगलकामना करते हुए माता रानी से नगर पर अपनी असीम कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
समाजसेवी ईशान की सुपुत्री अनिका के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवारों में आरम्भ से ही नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आध्यात्मिक वातावरण अत्यंत आवश्यक है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। ये आध्यात्मिक कार्यक्रम लोगों को एक-दूसरे के और अधिक निकट लाने, पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मां भगवती का आशीर्वाद जिस परिवार पर होता है, वहां सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास होता है। मां जगदंबा से प्रार्थना है कि करनाल का प्रत्येक परिवार निरोगी, समृद्ध और खुशहाल रहे तथा नगर निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित करे।
माता रानी का गुणगान
महापौर ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में धार्मिक अनुष्ठान केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, पारिवारिक संस्कार और जनकल्याण का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ माता रानी का गुणगान किया। साथ ही मां वैष्णो देवी से प्रार्थना की कि उनका दिव्य आशीर्वाद प्रत्येक परिवार पर बना रहे तथा सभी का जीवन सुख, शांति, सफलता और ईश्वरीय कृपा से सदैव आलोकित रहे।
