करनाल। शहरवासियों को बेहतर एवं निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए आरके पुरम की गली नंबर-2 में नए ट्यूबवेल का शुभारंभ किया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत ट्यूबवेल का लोकार्पण किया और इसे क्षेत्र के नागरिकों के लिए जनहित की महत्वपूर्ण सौगात बताया।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ, पर्याप्त और निर्बाध पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शहर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नागरिकों की आवश्यकताओं और सुझावों के अनुरूप विकास कार्यों की यह श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी।
महापौर ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्थापित यह नया ट्यूबवेल क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत प्रदान करेगा। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से विकास कार्यों में सहयोग और सहभागिता बनाए रखने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि नरेश पाल, सुनील गोयल, लक्ष्मी चौहान, डॉ. हरनेक, रकम सिंह सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए महापौर एवं नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
