करनाल 24 जुलाई,        नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने शहर के आउटर बाईपास रोड निर्माण कार्य का पुन: औचक निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं एवं निर्माण एजेंसी को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखते हुए समय पर परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता प्रदीप कल्याण, सहायक अभियंता मंजीत राठी तथा कनिष्ठ अभियंता गौरव हुड्डा भी उपस्थित रहे।
पश्चिम दिशा में तेजी से चल रहा वाटर बाउंड मकेडम लेयर का कार्य।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने निर्माणाधीन सडक़ पर विभिन्न चरणों में चल रहे कार्यों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सडक़ की पश्चिम दिशा में नूर महल चौक से सेक्टर-6 के पीछे स्थित गुरुद्वारा तक वाटर बाउंड मकेडम की लेयर बिछाने का कार्य पूरा किया जा चुका है। आगामी लगभग एक सप्ताह में मेरठ रोड टी-पॉइंट तक यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके उपरांत सडक़ पर डेंस बिटुमिन मकेडम की लेयर बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सडक़ की पूर्व दिशा में डेंस बिटुमिन मकेडम की लेयर पहले ही बिछाई जा चुकी है। साथ ही फुटपाथ निर्माण से पूर्व उसके नीचे बरसाती पानी की समुचित निकासी के लिए पाइप लाइन भी डाली जा रही है, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या न हो।
रोजाना मॉनिटरिंग करें अभियंता, गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा।
उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिए कि सडक़ निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के नियमित गति से जारी रखा जाए तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं ताकि यातायात प्रभावित न हो और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि आवश्यक निर्माण सामग्री अग्रिम रूप से साइट पर उपलब्ध रखी जाए ताकि कार्य में किसी प्रकार की रुकावट न आए। अभियंताओं को नियमित रूप से साइट का निरीक्षण करने, निर्माण सामग्री के सैंपलों की गुणवत्ता जांच कराने तथा प्रत्येक चरण की तकनीकी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में कहीं भी गुणवत्ता संबंधी कमी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
7.92 करोड़ रुपये की लागत से बन रही आधुनिक सडक़।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि लगभग 4.5 किलोमीटर लंबी आउटर बाईपास रोड का निर्माण लगभग 7.92 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। यह परियोजना केवल सडक़ निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आधुनिक एवं सुरक्षित शहरी सडक़ के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत सडक़ सुदृढ़ीकरण के साथ सेंट्रल वर्ज का विकास, पौधारोपण, दोनों ओर फुटपाथ व साइकिल ट्रैक, जेब्रा क्रॉसिंग, कैट आई, रोड सेफ्टी मार्किंग तथा अन्य आवश्यक यातायात सुरक्षा सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे सडक़ की सुंदरता बढऩे के साथ-साथ यातायात अधिक सुरक्षित होगा तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *