करनाल, 22 जुलाई। एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने कहा कि अंत्योदय परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26 जुलाई को स्थानीय पंचायत भवन में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल्स लगाई जाएंगी। सभी संबंधित अधिकारी स्टॉल से जुड़ी तैयारियां समय रहते पूरी करना सुनिश्चित करें ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
एसडीएम देवेंद्र शर्मा बुधवार को अपने कार्यालय में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले के सफल और सुचारू संचालन के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें। सभी संबंधित अधिकारी अपनी योजनाओं की प्रचार-सामग्री और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित रहें। इसके साथ ही प्रत्येक स्टॉल पर कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य आवश्यक तकनीकी सामग्री की निर्बाध व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए।
