करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता एवं एकाग्रता से सुना। जनसुनवाई में लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित स्ट्रीट लाइट, पार्कों के रखरखाव, सीवरेज व्यवस्था, सफाई तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। महापौर ने कई मामलों में तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही शेष समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जन संवाद में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्य करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को अपनी जिम्मेदारी मानकर उसका समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि करनाल को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने का संकल्प तभी सफल होगा, जब प्रशासन और आमजन मिलकर कार्य करेंगे। जनता का सहयोग, सुझाव और सहभागिता ही शहर के समग्र विकास की सबसे बड़ी ताकत है। सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों से करनाल को राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श शहर के रूप में स्थापित करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

नियमित फीडबैक आवश्यक
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने नागरिकों से अपील की कि अपने क्षेत्र की समस्याओं से नगर निगम प्रशासन को समय-समय पर अवगत कराते रहें, ताकि प्रत्येक समस्या का त्वरित समाधान करते हुए विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जा सके। नियमित फीडबैक के आधार पर तमाम आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। महापौर ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर नगर निगम पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *