कुरुक्षेत्र पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना इस्माईलाबाद क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना इस्माईलाबाद क्षेत्र वासी एक व्यक्ति ने पुलिस की दी अपनी शिकायत में बताया कि 18 जूलाई को उसकी नाबालिग लड़की घर से बिना किसी को बताए कहीं चली गई हैं। लड़की के घर वापस न लौटने पर परिजनों ने थाना इस्माईलाबाद में शिकायत दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रामपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और अपने स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर लगातार तलाश अभियान चलाया। दिनांक 19 जूलाई को 26 को जांच के दौरान उप निरीक्षक राजपाल की टीम को लड़की का पता मथुरा में लगा, जहां से पुलिस टीम ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नाबालिग लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कुरुक्षेत्र पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि वह आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई ने “सेवा, सुरक्षा और सहयोग” के मूल मंत्र को सार्थक रूप से चरितार्थ किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
