असंध, 20 जुलाई। विधायक योगेन्द्र राणा ने सोमवार को अपने स्थानीय कार्यालय में क्षेत्रवासियों के साथ मुलाकात की और जनसुनवाई के माध्यम से उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान हल्के के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से बिजली, पानी, गलियों के निर्माण और समाज कल्याण योजनाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। विधायक योगेन्द्र राणा ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया और गंभीर शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन पर दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान विधायक योगेन्द्र राणा ने कहा कि असंध की जनता मेरा परिवार है और परिवार के प्रत्येक सदस्य की समस्या का समाधान करना मेरा नैतिक कर्तव्य है। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। कार्यालय के द्वार क्षेत्र की जनता के लिए सदैव खुले हैं।
इस अवसर पर विभिन्न गांवों के सरपंच, पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
