*हरियाणा के सभी जिलों में हनुमान चालीसा पाठ और आरती कर प्रधानमंत्री के नाम आम नागरिकों द्वारा लिखे पत्र पर कराए जा रहे हस्ताक्षर: डॉ सुशील गुप्ता*
डॉ. राजेश वधवा
आज समाज नेटवर्क
कुरुक्षेत्र। अयोध्या स्थित भगवान श्री राम मंदिर के पावन चंदे में हुई हेराफेरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ 14 जुलाई से आम आदमी पार्टी ने हरियाणा से एक बड़े धार्मिक व वैचारिक आंदोलन का शंखनाद किया हुआ है। आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में कहा कि अयोध्या स्थित प्रभु श्री राम के चंदे में हुई चोरी से देश-विदेश के करोड़ों राम भक्तों की अटूट श्रद्धा और त्याग का अपमान हुआ है और आस्था को गहरी ठेस पहुंची है, ऐसे महा-पापियों को फांसी दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी द्वारा हरियाणा में 14 जुलाई से महा-हस्ताक्षर अभियान चलाया हुआ है। इसके तहत देश के प्रधानमंत्री के नाम आम नागरिकों द्वारा लिखे गए पत्र पर ‘चंदा चोरों को कड़ी सजा’ दिलवाने हेतु हस्ताक्षर करवाए जा रहे है।
इस आंदोलन के तहत पूरे भारतवर्ष में चलाया जा रहा यह देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान मूल रूप से एक सामान्य नागरिक के रूप में लिखा गया बेहद भावुक और आक्रोशित पत्र है। इस पत्र के माध्यम से राम भक्तों की पीड़ा और उनके विश्वास को लगी ठेस को सीधे देश के माननीय प्रधानमंत्री जी के समक्ष रखा गया है।
बॉक्स
*वैज्ञानिक सोनम वांगचुक पर बर्बरता लोकतंत्र का काला दिन: डॉ. सुशील गुप्ता*
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. सुशील गुप्ता ने देश की शिक्षा व्यवस्था सुधारने और पेपर लीक के खिलाफ पिछले 21 दिनों से शांतिपूर्ण अनशन पर बैठे देश के गौरव, सामाजिक कार्यकर्ता और वैज्ञानिक सोनम वांगचुक पर हुए सरकारी दमन की कड़े शब्दों में निंदा की।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि सरकार ने युवाओं और छात्रों की आवाज़ सुनने के बजाय बातचीत का रास्ता बंद कर गुंडागर्दी और बल प्रयोग का सहारा लिया। सादे कपड़ों में पुलिस भेजकर सोनम वांगचुक और उनके साथियों (अभिजीत दीपके व अन्य युवाओं) के साथ बदसलूकी की गई और उन्हें सफेद चादरों में ढककर स्टेज से घसीटकर अस्पताल ले जाया गया। यह तस्वीरें दिल को झकझोर देने वाली हैं और मोदी सरकार की कायरता को दर्शाती हैं।
बॉक्स
*धार्मिक अनुष्ठान और संकल्प सभाओं में उमड़ा जनसैलाब*
सुशील गुप्ता ने बताया कि इस पावन अभियान के तहत बेहद भक्तिमय माहौल में सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ और प्रभु श्री राम जी की आरती हुई। कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत के विशाल धार्मिक कार्यक्रमों और करनाल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भक्तों और कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा।
इस संकल्प सभा में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर लोहान, मुख्य प्रवक्ता सुमित हिंदुस्तानी, कुरुक्षेत्र के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष जवाहर लाल गोयल जिला महिला अध्यक्षा शांति देवी सैनी, लाड़वा हलका अध्यक्ष राजकमल, प्रदेश सयुंक्त सचिव अमरीक बकाली, आप नेता नबी घावरी, छात्र नेता भारत बराड़, शुभम राणा सहित प्रबुद्ध नागरिक, मातृशक्ति और धर्मनिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने इस धर्म-युद्ध को हरियाणा के घर-घर तक पहुंचाने का अटूट संकल्प लिया।
