कुरुक्षेत्र, 18 जुलाई। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। आइए, हम सभी मिलकर अपने गांव, सार्वजनिक स्थलों एवं प्राकृतिक संसाधनों को स्वच्छ रखें तथा स्वच्छ भारत मिशन को जन-आंदोलन बनाएं। इसी कड़ी में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत मनाए जा रहे हरियाणा स्वच्छता सप्ताह के अवसर पर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान पिहोवा खंड की ग्राम पंचायत भौर सैंयदा, शाहबाद खंड की ग्राम पंचायत कलसानी, इस्माइलाबाद खंड की ग्राम पंचायत झांसा, लाडवा खंड की ग्राम पंचायत डूडी में आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता जिला परिषद कुरुक्षेत्र की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, जिला परिषद कुरुक्षेत्र के उप-मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण लाल, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंकित पूनिया व सुशील कुमार मंगला ने की ।
इन कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव के निर्माण में जनसहभागिता का आह्वान किया। इस अवसर पर स्वच्छता रैली, स्वच्छता शपथ, ग्राम सफाई अभियान, प्लास्टिक मुक्त गांव अभियान तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
