कुरुक्षेत्र, 18 जुलाई। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा ने कहा कि आयुष विभाग व जिला प्रशासन के तत्वाधान में एलएनजेपी अस्पताल स्थित आयुष विंग में एक विशेष योग सत्र एवं योग जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा ने आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना तथा इसे दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाना है। इस सत्र में आयुष योग सहायक द्वारा उपस्थित स्टाफ, मरीजों एवं उनके परिजनों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, शवासन एवं विभिन्न प्राणायामों का अभ्यास करवाया गया। प्रत्येक आसन के शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में भी विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि ओपीडी में आए रोगियों को विशेष रूप से संबोधित करते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से तनाव, मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप जैसी जीवनशैली जनित बीमारियों में नियंत्रण पाया जा सकता है। साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है और मानसिक शांति मिलती है। रोगियों को सलाह दी गई कि वे एलोपैथिक उपचार के साथ-साथ योग को भी अपनाएं ताकि शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो सके।
डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष पद्धति को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं योग शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर आयुष विंग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। इस कार्यक्रम में उपस्थित मरीजों एवं आमजन ने इस पहल की सराहना की।
