करनाल 18 जुलाई,      केन्द्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार नगर निगम करनाल द्वारा मानसून के दौरान स्वच्छता को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ’ अभियान के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है। नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि यह विशेष अभियान 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देकर मानसून के दौरान फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम करना तथा नागरिकों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

स्वच्छता अभियान के तहत होंगी अनेक विशेष गतिविधियां।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शहर में सघन सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसमें प्रमुख रूप से सामुदायिक भागीदारी एवं जन जागरूकता, सफाई कर्मचारियों का क्षमता निर्माण एवं कल्याण, झुग्गी-बस्तियों एवं कमजोर बस्तियों में विशेष सफाई, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई, मानसून एवं संभावित बाढ़ के बाद स्वच्छता प्रबंधन तथा संक्रमण रोकथाम संबंधी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

वार्ड स्तर पर चलेगा व्यापक जन जागरूकता अभियान।
निगमायुक्त ने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक वार्ड में संबंधित पार्षदों, वार्ड समितियों तथा स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार (आई.ई.सी.) गतिविधियां बड़े स्तर पर आयोजित की जाएंगी। नागरिकों को घर-घर जाकर स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तथा सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

विद्यालयों में रोजाना होंगे रचनात्मक कार्यक्रम।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई तक विभिन्न विद्यालयों में प्रतिदिन अलग-अलग स्वच्छता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्वच्छता शपथ, हाथ धोने की सही विधि का प्रदर्शन, पोस्टर निर्माण, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, कचरा पृथक्करण की जानकारी, इको क्लब गतिविधियां, चित्रकला प्रतियोगिता, स्वच्छता रैली, हरियाली अभियान, खाद निर्माण, स्वच्छता ऑडिट, स्वच्छता एम्बेसडर कार्यक्रम, प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन लाना तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।

बच्चें परिवार व समाज में पहुंचाएंगे स्वच्छता का संदेश।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत नगर निगम के प्रत्येक जोन में स्थित विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कचरा पृथक्करण तथा स्वस्थ आदतों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि बच्चे स्वयं जागरूक नागरिक बनकर अपने परिवार और समाज में भी स्वच्छता का संदेश पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता अभियान को व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप मिलेगा और आने वाली पीढ़ी में स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी।

सडक़ों, नालों और कचरा संवेदनशील स्थलों की होगी विशेष सफाई।
निगमायुक्त ने बताया कि मानसून के मद्देनजर शहर की प्रमुख सडक़ों, नालों, कचरा संवेदनशील बिंदुओं तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

सार्वजनिक शौचालयों की होगी गहन सफाई एवं कीटाणुशोधन।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शहर के सभी सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की गहन सफाई कराई जाएगी। नियमित कीटाणुशोधन, संक्रमण नियंत्रण तथा पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की भी जांच की जाएगी, जिससे नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

बाजारों में चलेगा प्लास्टिक मुक्त एवं जन जागरूकता अभियान।
बाजार क्षेत्रों में दुकानदारों एवं व्यापारियों को स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। निगम की टीमें दुकान-दर-दुकान जाकर सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगी तथा सार्वजनिक घोषणाओं के जरिए भी स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा।

नागरिकों से की अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील।
निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ करनाल का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घर, गली, मोहल्ले और आस-पास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरे का पृथक्करण करने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे ‘सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी गतिविधियां मुख्य सफाई निरीक्षक की निगरानी में संबंधित जोन प्रभारियों द्वारा संचालित की जाएंगी। अभियान के ओवरऑल इंचार्ज स्वच्छता अधिकारी होंगे, जो विभिन्न गतिविधियों की नियमित निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित करेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *