करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सेक्टर-8 स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित भव्य मां भगवती जागरण में श्रद्धापूर्वक सहभागिता कर मां भगवती के श्रीचरणों में शीश नवाया। साथ ही उनका दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पावन अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना करते हुए मां भगवती से सभी के जीवन में आनंद, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने की प्रार्थना की।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि मां भगवती की आराधना भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की अमूल्य धरोहर है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि जब पूरा समाज एक मंच पर श्रद्धा और भक्ति के साथ एकत्रित होता है तो आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता को नई शक्ति तथा ऊर्जा मिलती है।
उन्होंने कहा कि भक्ति भाव से परिपूर्ण ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समाज में सकारात्मक वातावरण के निर्माण और नैतिक मूल्यों के संरक्षण में भी इन आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
महापौर ने समाजसेवी सरिता गुप्ता एवं विजय कुमार गर्ग द्वारा आयोजित भव्य मां भगवती जागरण की सराहना करते हुए कहा कि पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मां भगवती के सुमधुर भजनों का आनंद लिया और आयोजन की भव्यता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने समाजसेवी विजय कुमार गर्ग, सरिता गुप्ता तथा समस्त आयोजन समिति को सफल एवं भव्य धार्मिक आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल सामाजिक योगदान की सराहना की।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *