करनाल, 17 जुलाई। श्रीलंका के उद्योग एवं उद्यमिता (एंटरप्रेन्योरशिप) विकास मंत्री सुनील हंडुनेती के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने घरौंडा के सब्जी उत्कृष्टता केंद्र (इंडो-इजरायल परियोजना) का दौरा किया। उन्होंने केंद्र के संचालन और चुनौतियों संबंधी जानकारी ली। उत्कृष्टता केंद्र परिसर में पौधारोपण किया।
मंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सुबह दस बजे घरौंडा के सब्जी उत्कृष्टता केंद्र पहुंचा जहां बागवानी विभाग के अधिकारियों ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त महिषिनी कोलोन, भारत में इजरायल दूतावास के उप राजदूत फारेस साएब, नई दिल्ली स्थित इजरायल दूतावास में घरेलू राजनीतिक मामलों की सलाहकार व प्रथम सचिव डा. सारा ओल्गा शामिल रहीं।
बागवानी विभाग के संयुक्त निदेशक सत्येंद्र यादव ने पीपीटी (पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन) के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल को उत्कृष्टता केंद्र की विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि वे श्रीलंका में भी उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना करना चाहते हैं। उन्होंने अधिकारियों से केंद्र की स्थापना में आने वाली चुनौतियों, वित्तीय आवश्यकताओं, ट्रेनिंग के दौरान किसानों को दी जाने वाली जानकारी आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र परिसर में हाई-टेक ग्रीन हाउस और स्वचालित सिंचाई संयंत्र कक्ष का दौरा किया। हाई-टेक ग्रीन हाउस में बूम सिंचाई (ऐसी उन्नत तकनीक जिसमें पाइपों व नोजल से बनी एक लंबी संरचना के जरिए खेतों अथवा ग्रीन हाउस में बारिश की तरह पानी का छिडक़ाव किया जाता है) और पौधों में खाद-दवा के उपयोग की विधि की जानकारी दी गई। तदुपरांत मंत्री और प्रतिनिधिमंडल में शामिल अन्य सदस्यों ने परिसर में पौधारोपण किया। मंत्री सुनील हंडुनेता केंद्र सरकार के वस्त्र मंत्रालय द्वारा आयोजित किए जा रहे भारत टेक्स कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 18 जुलाई भारत के दौरे पर हैं। इस मौके पर डा. हर्षिता, डा. लवलेश, सुनील, गुरदेव आदि मौजूद रहे। घरौंडा में उत्कृष्टता केंद्र 2011 में करीब 25 एकड़ जमीन में शुरू किया गया था।
