कुरुक्षेत्र, 16 जुलाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में तथा डीएलएसए की सीजेएम एवं सचिव मिस नीतिका भारद्वाज के दिशा-निर्देशानुसार जिला के विभिन्न विद्यालयों में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
डीएलएसए की सीजेएम एवं सचिव मिस नीतिका भारद्वाज ने कहा कि वृक्ष हमारे पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे।
उन्होंने कहा कि डीएलएसए द्वारा यह पौधारोपण अभियान लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस नेक पहल से जोड़ने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। डीएलएसए द्वारा जिला के विभिन्न गांवों, पार्कों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पौधारोपण अभियान चलाया गया है, ताकि अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित किए जा सकें और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जा सके।
