बाबैन/लाडवा, 15 जुलाई। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित रहने वाली सरकार नहीं है, बल्कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को उसका लाभ पहुंचाने में विश्वास रखती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा आधुनिक आधारभूत ढांचे, पारदर्शी प्रशासन और सुशासन का मॉडल बन रहा है। हाइड्रोजन ट्रेन इसी सोच का सबसे बड़ा उदाहरण है, जो आने वाले समय में परिवहन क्षेत्र में नई क्रांति का आधार बनेगी। प्रधानमंत्री 17 जुलाई को जींद से हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी देंगे। यह दिन हरियाणा के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा, जब प्रदेश को नई ऊर्जा, नई गति और नए अवसरों की सौगात मिलेगी।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी बुधवार को गांव कंडोली में आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थी। उपाध्यक्षा ने गांव कंडोली से बाबैन मंडल के स्वच्छता अभियान की स्वयं झाड़ू लगाकर शुरुआत की और इसके साथ ही पौधा रोपित करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से गांव किशनगढ़ और गांव गुढ़ा के विकास के लिए 21 -21 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों को 17 जुलाई को होने वाले एलिवेटेड रेलवे ट्रैक व स्टेशन के उद्घाटन और सिख संग्रहालय के शिलान्यास के लिए आयोजित कार्यक्रम का निमंत्रण दिया।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दे रही है। सभी नागरिक अपने बच्चों को पढ़ाई करवाएं। पहले नौकरी के लिए नेताओं के पीछे-पीछे रहना पड़ता है। अब ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। युवाओं को बिना-खर्ची बिना पर्ची के सरकारी नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना शुरू होने से लंबे समय से चली आ रही यातायात और जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा। वहीं कुरुक्षेत्र में बनने वाला आधुनिक सिख म्यूजियम धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान देगा।
इस मौके पर चेयरमैन जसविंदर सिंह जस्सी, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, पूनम सैनी, परमजीत कश्यप, राजकुमार बेदी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
