कुरुक्षेत्र, 14 जुलाई : जग ज्योति दरबार में आषाढ़ अमावस्या के अवसर पर चल रहे अनुष्ठान का मंगलवार को विधिवत समापन हो गया। इस अवसर पर महंत राजेंद्र पुरी द्वारा हवन यज्ञ किया गया। हवन की पूर्णाहुति अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
महंत राजेंद्र पुरी ने बताया कि सर्वकल्याण की भावना से सनातन परंपरा के अनुसार दो दिन से आषाढ़ अमावस्या पूजन चल रहा था। पूजन के समापन पर विशेष अनुष्ठान और हवन का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ में आहुतियां दीं। महंत राजेंद्र पुरी के अनुसार आषाढ़ अमावस्या पर पितरों की शांति के लिए तर्पण और दान का विशेष महत्व है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद जग ज्योति दरबार में 10 महाविद्याओं की साधना और मां भगवती की कृपा प्राप्त करने के लिए आषाढ़ गुप्त नवरात्र की शुरुआत होगी। नौ दिन तक नियमित पूजन व हवन होगा। इस अवसर पर देवराज अरोड़ा, मुलखराज अरोड़ा, दीनबंधु, मोहिंदर सिंह चौहान, वीणा रानी, अनुराधा देवी, कविता, अजय राठी, विजय राठी, अक्षय राठी, मनप्रीत सिंह व कन्हैया लाल इत्यादि भी मौजूद रहे।
