करनाल 14 जुलाई,       प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हरियाणा आगमन के दृष्टिगत नगर निगम करनाल द्वारा ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के तहत शहरभर में व्यापक स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मंगलवार को नगर निगम की टीमों, जनप्रतिनिधियों, वार्ड समितियों एवं स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
चार वार्डों में चला विशेष सफाई अभियान।
मंगलवार को वार्ड-2 के गांव बुढ़ाखेड़ा, सेक्टर-32 रोड, वार्ड-6 के सेक्टर-16, गुगा मेढ़ी रोड, वार्ड-16 के गिरड़ा पीर चौक से श्मशान घाट तक तथा वार्ड-11 के आई.टी.आई. चौक से जाट धर्मशाला तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इन क्षेत्रों में सडक़ किनारों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य स्थानों की व्यापक सफाई कर स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया गया। इस दौरान सभी जगहों पर पौधारोपन भी किया गया।
बुढ़ाखेड़ा में समाप्त किया गया कचरा संवेदनशील बिन्दू।  
अभियान के दौरान गांव बुढ़ाखेड़ा में कचरा संवदेनशील बिन्दू (गारबेज वल्नरेबल प्वाइंट) को पूरी तरह समाप्त किया गया। इस स्थान पर सफाई के बाद ‘स्वच्छता से स्वागत’ संदेश अंकित करते हुए आकर्षक पेंटिंग की गई। साथ ही स्थानीय नागरिकों से इस स्थल को भविष्य में भी स्वच्छ बनाए रखने तथा यहां कचरा न डालने की अपील की गई।
स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।
स्वच्छता अभियान के दौरान नागरिकों को स्वच्छता अपनाने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग छोडऩे, पॉलीथिन के स्थान पर कपड़े के थैले अपनाने तथा कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने के लिए जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवन के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन का अंदोलन बनाया- महापौर।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन का अंदोलन बनाया है। आज प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने घर, गली, मोहल्ले और आस-पास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम करनाल निरंतर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहा है, लेकिन शहर को वास्तव में स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के साथ-साथ आसपास की स्वच्छता का ध्यान रखे और कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करे तो करनाल स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने और प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत के संकल्प को सशक्त बनाने की अपील की।
प्रत्येक दिन चार वार्डों में चलेगा अभियान- निगमायुक्त।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के सफल संचालन के लिए नगर निगम द्वारा विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है। प्रतिदिन प्रात: 8 बजे शहर के चार अलग-अलग वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक स्थान के लिए संबंधित वार्ड पार्षद, नोडल अधिकारी, जोन प्रभारी, वार्ड समिति सचिव, ट्रिगर मास्टर एवं मोटिवेटर नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड समितियों, आर.डब्ल्यू.ए., सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कर इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि स्वच्छता के प्रति समाज में स्थायी जागरूकता विकसित हो सके।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता से स्वागत अभियान 15 जुलाई को वार्ड-3 के गौशाला रोड से एस.पी. कॉलोनी रोड, वार्ड-7 के जाटों गेट के सामने से सी.आई.ए.-1 तक, वार्ड-17 के संतोषी माता मंदिर से बालाजी रोड पुल तक तथा वार्ड-12 के ओल्ड तहसील क्षेत्र में अभियान चलाया जाएगा। दिनांक 16 जुलाई को वार्ड-4 के गली नं. 1 में कर्ण विहार (ओपन एयर जिम के पास), वार्ड-15 में जुंडला गेट के सामने, वार्ड-18 में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल रोड प्रेम नगर तथा वार्ड-1 में हवेली से लेकर द रूतबा बैंक्वट हॉल, एनएच-44, गांव झंझाड़ी तक चलाया जाएगा।
इसी प्रकार दिनांक 17 जुलाई को वार्ड-5 के सेक्टर-4 एवं 5 एच.एस.वी.पी. क्षेत्र, वार्ड-13 के  कर्णताल पार्क का बाहरी क्षेत्र, वार्ड-19 में कैथल पुल के नीचे स्थित रैन बसेरा तथा वार्ड-9 में सेक्टर-9 मार्केट की बैक साइड एवं शिव मंदिर के आस-पास अभियान चलाया जाएगा। दिनांक 18 जुलाई को वार्ड-8 में ग्रीन बेल्ट बैक साइड, सेक्टर-6, वार्ड-14 के पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र, वार्ड-20 के डब्ल्यू.जे.सी. पार्क, काछवा रोड तथा वार्ड-10 के सेक्टर-13 की बैक साइड, कर्ण कैनाल रणबीर हुड्डा चौक से माता बसंती गामड़ी तक कर्ण कैनाल पर जोर-शोर से अभियान चलाया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *