लाडवा, 13 जुलाई। एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने और भविष्य की परेशानी को दूर करने के लिए सभी नागरिक अपने एन्यूमरेशन फार्म को अपने-अपने बीएलओ को जमा करवाएं। एसआईआर के कार्य को पूरा करने का अंतिम समय 14 जुलाई का है। इसको लेकर लाडवा विधानसभा में एसआईआर का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक 177130 मतदाताओं यानी 89.50 प्रतिशत का डाटा डिजिटाइज किया जा चुका है।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि लाडवा विधानसभा में 197903 मतदाता हैं, इन मतदाताओं के लिए 217 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी मतदान केंद्रों पर 217 बीएलओ नियुक्त किए हुए हैं। बीएलओ ने अपने-अपने बूथों में मतदाताओं को एन्यूमरेशन फार्म बांटे और भरकर जमा करवाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में 197800 मतदाता यानी 99.95 प्रतिशत एन्यूमरेशन फार्म बांटे गए हैं और 177130 मतदाता यानी 89.50 प्रतिशत का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की क्वालिफाइंग तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है तथा 21 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन होगा और 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। जिनका निपटारा संबंधित ईआरओ द्वारा 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। ईआरओ के निर्णय से असंतुष्ट होने पर मतदाता जिला निर्वाचन अधिकारी को दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकता है। इस निर्णय के विरूद्ध भी राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी को आपत्ति दर्ज करवा सकते है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ एवं चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *