करनाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संस्कार का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत’ के विजन ने देशभर में स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया है। इसी दिशा में हरियाणा में भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को सेक्टर-12 स्थित हुडा ग्राउंड में आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान संबोधित कर रही थीं। उन्होंने अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया और समस्त शहरवासियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत और जिम्मेदारी बनाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 जुलाई को जींद आगमन के उपलक्ष्य में पूरे हरियाणा प्रदेश में 19 जुलाई तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल सड़कों और स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे विचारों, व्यवहार और जिम्मेदारियों से जुड़ा संस्कार है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ करनाल, सुंदर करनाल और विकसित करनाल के निर्माण के लिए नगर निगम प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयास निरंतर जारी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वच्छ एवं हरित हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। जब समाज स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे बढ़ता है, तभी स्थायी परिवर्तन संभव होता है।
इस दौरान सेक्टर-12 स्थित पार्क में पौधारोपण भी किया गया। पौधारोपण के माध्यम से ‘हरित हरियाणा–स्वच्छ हरियाणा’ के संकल्प को मजबूती प्रदान की गई। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक पौधा पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य का आधार है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में चीफ व्हिप राम कुमार कश्यप, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, असंध विधायक योगेंद्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, चेयरपर्सन मेघा भंडारी, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, पूर्व चेयरपर्सन निर्मला बैरागी, स्वच्छ भारत मिशन के चेयरमैन सुभाष चंद्र, कर्मबीर बिहोली सहित सभी पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगर निगम के सफाई योद्धा उपस्थित रहे।
सफाई योद्धाओं की अहम भूमिका
महापौर ने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाई योद्धाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
