करनाल। जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शुक्रवार को नगर निगम स्थित अपने कार्यालय में नियमित जनसुनवाई की और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को समस्याओं के शीघ्र एवं संतोषजनक समाधान का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान सीवरेज, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रॉपर्टी टैक्स, सफाई व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित प्रकरण महापौर के समक्ष रखे गए। उन्होंने प्रत्येक मामले की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस दौरान महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह है। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को लंबित रखने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के विश्वास को बनाए रखना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शहर की मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निगम पूरी प्रतिबद्धता और सजगता के साथ कार्य कर रहा है।
महापौर ने कहा कि करनाल के समग्र विकास का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रशासन और जनता एक टीम की तरह कार्य करेंगे। नागरिकों का सहयोग, सुझाव और सक्रिय सहभागिता ही विकास यात्रा की सबसे बड़ी ताकत है। नगर निगम की पूरी टीम इसी भावना के साथ शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुविधायुक्त और आदर्श बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्रकरणों की हो नियमित समीक्षा
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा की जाए। इसी क्रम में संबंधित प्रकरण का समाधान होने तक उसकी प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि नगर निगम पर आम जन का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
