करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सेक्टर-9 स्थित श्री कृष्ण कृपा धाम में आयोजित माता के भव्य जागरण में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। उन्होंने मां भगवती एवं श्री राधा-कृष्ण के श्रीचरणों में शीश नवाया। साथ ही प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना करते हुए मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत ऐसे आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, अटूट आस्था, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत प्रतीक हैं। इनसे समाज में सेवा, सद्भाव, प्रेम, संस्कार और मानवता की भावना सुदृढ़ होती है। ऐसी गतिविधियां नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती हैं l
उन्होंने कहा कि मां भगवती की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख, समृद्धि, प्रेम, सौहार्द और आनंद का वास हो तथा प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, सफलता और उन्नति का प्रकाश सदैव बना रहे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए प्रदेश और राष्ट्र की निरंतर प्रगति एवं खुशहाली के लिए भी प्रार्थना की।
महापौर ने भव्य एवं दिव्य आयोजन के सफल संचालन के लिए समाजसेवी अनिल सिंगला एवं समस्त आयोजक मंडल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज को जोड़ने वाले ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सामाजिक एकजुटता को और अधिक सशक्त बनाते हैं।
इस अवसर पर नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, समाजसेवी अनिल सिंगला सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
