करनाल, 10 जुलाई। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरतें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगली बैठक तक सभी लंबित शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ समाधान हो चुकी शिकायतों की कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) पोर्टल पर दर्ज की जाए।
डीसी ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों के समाधान को लेकर समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले चंडीगढ़ से आयुक्त एवं सचिव पी. सी. मीणा ने सभी जिला उपायुक्तों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान हो ताकि लोगों का सरकार और प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का निपटारा हो जाता है उसकी एटीआर समय पर सबमिट करवाएं। अगर किसी में कोई दिक्कत आती है तो संबंधित विभाग अपने मुख्यालय से बातचीत करके उनका समाधान करवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जो शिकायत काफी लंबे समय लंबित और शिकायतकर्ता उसमें सहयोग नहीं कर रहा है तो एमिनेंट पर्सन के हस्ताक्षर करवाकर मुख्यालय भेजें ताकि उसे फाईल करवाया जा सके।
इस अवसर एडीसी डॉ. राहुल रईया, निगम के संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह, सीटीएम सुरेश कुमार, डीडीपीओ कंचनलता, डीएसपी राजीव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
