करनाल के गीता द्वार पर करनाल स्ट्राइड्स के पदाधिकारियों ने दी बधाई, बोले : देशभर के युवाओं को कर रही प्रेेरित
करनाल, 9 जुलाई : भारत की प्रसिद्ध अल्ट्रा डिस्टेंस धाविका एवं पांच बार की विश्व रिकॉर्ड धारक सूफिया सूफी अपने छठे विश्व रिकॉर्ड अभियान रन अक्रॉस इंडिया-कन्याकुमारी से काराकोरम के तहत 3600 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए करनाल पहुंची। करनाल के गीता द्वार पर पहुंचने पर करनाल स्ट्राइडस के पदाधिकारियों जिनमें प्रवेश गाबा, सुमित मान, कविता मान, राहुल कौशिक, सुशील कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने बुके देकर सूफिया सूफी का जोरदार स्वागत किया। करनाल स्ट्राइड्स के पदाधिकारियों ने बताया कि 5000 किलोमीटर की इस ऐतिहासिक दौड़ के जरिए वह देश के दक्षिणी छोर कन्याकुमारी से उत्तरी सीमा काराकोरम तक दौड़ लगाकर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास किया। उनका यह अभियान 12 मई 2026 को कन्याकुमारी से शुरू हुआ था और इसका समापन लद्दाख के काराकोरम क्षेत्र में होगा। अब तक 59 दिनों की दौड़ में सूफिया ने भीषण गर्मी, बदलते मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों का सामना करते हुए 3600 किलोमीटर से अधिक का सफर पूरा कर लिया है। इस मौके पर प्रवेश गाबा ने बताया कि राजस्थान के अजमेर में जन्मी और विवाह के बाद हरियाणा के सोनीपत से जुड़ी सूफिया सूफी देश की सबसे सफल अल्ट्रा डिस्टेंस धाविकाओं में शामिल हैं। वह अब तक पांच विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं और अपनी उपलब्धियों से देशभर के युवाओं को प्रेरित कर रही हैं। वहीं विर्क हॉस्पिटल के संचालक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बलबीर सिंह विर्क ने भी सूफिया सूफी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका साहस, दृढ़ संकल्प और अनुशासन देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि सूफिया अपने इस छठे विश्व रिकॉर्ड अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर देश का नाम अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा करेगी। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षित यात्रा और उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर सूफिया ने बताया कि उनका यह अभियान केवल विश्व रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि रन फॉर ड्रीम्स का संदेश भी देता है। इसका उद्देश्य युवाओं को बड़े सपने देखने, अनुशासन के साथ उन्हें पूरा करने और कभी हार न मानने की प्रेरणा देना है। उन्होंने कहा कि यह दौड़ भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों को समर्पित है, जो देश की सुरक्षा के लिए अपने परिवार और सुख-सुविधाओं का त्याग करते हैं। काराकोरम तक पहुंचकर इस अभियान का समापन उन वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक होगा। सूफिया ने कहा कि हर किलोमीटर मुझे याद दिलाता है कि सपने एक-एक कदम बढ़ाकर ही पूरे होते हैं। यह दौड़ हर उस युवा और हर उस वीर सैनिक को समर्पित है, जिनके त्याग से हमारे सपने सुरक्षित रहते हैं।
ये रही सूफिया सूफी की उपलब्धियां : वर्ष 2019 में कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4,000 किमी की दौड़ 87 दिनों में पूरी कर पहला विश्व रिकॉर्ड बनाया।
वर्ष 2021 में 6,000 किमी की गोल्डन क्वाड्रिलेटरल रोड रनिंग चैलेंज 110 दिनों में पूरी कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। मनाली-लेह हाई एल्टीट्यूड रनिंग चैलेंज पूरा करने वाली पहली महिला धाविका बनीं। वर्ष 2023 में कतर के दक्षिणी से उत्तरी छोर तक दौड़ पूरी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। वर्ष 2025 में लद्दाख सिल्क रूट अल्ट्रा 122 किमी का खिताब अपने नाम किया। सूफिया का अगला लक्ष्य वर्ष 2027 में मध्य-पूर्व के देशों में अल्ट्रा रनिंग अभियान पूरा करना तथा वर्ष 2028 में लगभग 30,000 किलोमीटर लंबी रन अराउंड द वर्ल्ड ऐतिहासिक दौड़ पूरी करना है।
