उच्च शिक्षा संस्थानों में रोजगारोन्मुखी नवाचार का नया मॉडल बनेगा केयू का एआई जॉब फेयरः प्रो. सोमनाथ सचदेवा
कुरुक्षेत्र, 9 जुलाई।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूआईईटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल ने गूगल जेमिनी और प्लेसकॉम के सहयोग से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एआई एनेबल्ड प्लेसमेंट प्लेटफॉर्म एवं जॉब फेयर-2026 का शुभारंभ कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्लेसकॉम के संस्थापक एवं सीईओ विशाल सूद, गूगल के प्रतिनिधि अमरीश कोहली और वैभव श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में यूआईईटी के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा, विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित देश का पहला एआई आधारित जॉब फेयर रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल है। यह आयोजन युवाओं और उद्योग जगत के बीच प्रभावी सेतु का कार्य करेगा तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ ने कहा कि इस जॉब फेयर में  प्रतिष्ठित कंपनियां भाग ले रही हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित यह मंच नौकरी तलाशने वाले युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराएगा, वहीं उद्योगों को योग्य और प्रशिक्षित मानव संसाधन प्राप्त करने में सहायता करेगा। उन्होंने कहा कि आज समाज तीन बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, उद्योगों को उपयुक्त कर्मचारी नहीं मिल रहे और कई बार नियुक्त कर्मचारी अपेक्षाओं के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाते। एआई आधारित जॉब फेयर इन समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शामिल है। यह हरियाणा की एकमात्र ए-प्लस-प्लस ग्रेड प्राप्त राज्य विश्वविद्यालय है तथा प्रदेश के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों में नैक मूल्यांकन के दौरान सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाला विश्वविद्यालय है। देश के चुनिंदा ए-प्लस-प्लस ग्रेड विश्वविद्यालयों और यूजीसी की श्रेणी-1 (कैटेगरी-1) संस्थाओं में शामिल होना विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुसंधान क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने शिक्षा और शोध के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता मानव क्षमता का विकल्प नहीं, बल्कि उसे और अधिक प्रभावी बनाने का माध्यम है। एआई ज्ञान और कौशल को नई दिशा दे सकती है, लेकिन मानवीय संवेदनाएं, मूल्य, नैतिकता और भावनाओं का स्थान कभी नहीं ले सकती। इसलिए युवाओं को नई तकनीकों को अपनाते हुए स्वयं को निरंतर अपडेट रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोजगार प्राप्त करना जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि यह सफलता की यात्रा का पहला पड़ाव है। युवाओं को भविष्य में नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बनने का लक्ष्य रखना चाहिए। देश और प्रदेश की सरकारें युवाओं को एआई-रेडी और भविष्य के लिए तैयार बनाने हेतु अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। ऐसे में यह जॉब फेयर युवाओं को रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एआई आधारित जॉब फेयर रोजगार के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगा और युवाओं को आत्मनिर्भर तथा भविष्य के लिए सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्लेसकॉम फाउंडर एवं सीईओ विशाल सूद ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एआई आधारित यह प्लेटफॉर्म भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित और परिणामोन्मुख बनाएगा। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को सही अवसरों से जोड़ना समय की आवश्यकता है और यह पहल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

गूगल के प्रतिनिधि अमरीश कोहली ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही है। युवाओं को एआई आधारित उपकरणों और डिजिटल कौशलों से सशक्त बनाकर उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा सकता है। वहीं वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि एआई केवल तकनीक नहीं, बल्कि भविष्य की कार्य संस्कृति का आधार बनती जा रही है। ऐसे प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों को उनकी क्षमता और उद्योग की मांग के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होंगे।
यूआईईटी के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने जॉब फेयर का विस्तृत परिचय देते हुए बताया कि इस आयोजन में 41 प्रतिष्ठित कंपनियां भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि एआई एनेबल्ड प्लेसमेंट प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों की योग्यता, रुचि और कौशल के आधार पर उन्हें उपयुक्त रोजगार अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह पहल उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता को बढ़ाने में सहायक होगी। मंच का संचालन परिधि ने किया।
इस अवसर पर चीफ  ऑपरेटिंग  ऑफिसर प्लेसकॉम शैली सूद, लोक सम्पर्क विभाग की उप-निदेशक डॉ. जिम्मी शर्मा, डॉ. राजेश अग्निहोत्री, डॉ  पवन  दिवान, डा  दीपक  सूद , टीपीओ  डॉ  निखिल कुमार  मारीवाला, डॉ  सुनील  ढींगरा, डॉ प्रियंका जांगड़ा, डॉ. अनुराधा, डॉ.  शिखा भारद्वाज डॉ  शेफाली, डॉ. दीपक मलिक, डॉ. अनीता  ग्रेवाल, डॉ.  दीप्ती , दीपक  शर्मा, हरिकेश  पपोसा  मौजूद  रहे।
बाक्स
जाब फेयर में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों को किया सम्मानित

यूआईईटी संस्थन के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की तथा कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने उन्हें सीनेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया।  इनमें टेलीपरफॉर्मेंस से वत्सल श्रीवास्तव, रिव्वलोसिटी से नव किरण कौर, मोर रिटेल प्राइवेट लिमिटेड से आदित्य नेगी, टोटासोल प्राइवेट लिमिटेड से आशीष तनेजा, डेविन सॉल्यूशंस से प्रियंका शर्मा, करियर वेदा से निमिषा, इंडिकोर इन्फोकॉम प्राइवेट लिमिटेड (टर्मिनल एडटेक) से पूजा कटोच, क्रिएटिवन टेक्नोलॉजीज़ से दिनेश ठाकुर, लेनस्टार्ट सॉल्यूशन से मोहित, पैराडाइम टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड से अनिया कौल, पॉज़िट्रॉन एचआर सर्विसेज से नितिन शर्मा, क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया प्राइवेट लिमिटेड से गौरव तिवारी तथा मिडास कंसल्टिंग से हितेन उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विश्व बैंक की टीम से श्री पुलिन सिंह, हरियाणा सरकार के सलाहकार श्री अंशुल गुप्ता, सुश्री इशिता मेहता तथा श्री अर्जुन गर्गेयस शामिल रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *