करनाल, 8 जुलाई।  डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बुधवार को सुबह लघु सचिवालय स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों, करनाल पटवारखाना तथा घरौंडा एसडीएम व तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई व्यवस्था, रिकॉर्ड तथा आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान डीसी लघु सचिवालय में स्थापित कार्यालय में बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए 3 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस करने के निर्देश दिए।
डीसी ने इसके उपरांत घरौंडा एसडीएम व तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और कार्यालयों में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित 5 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा कार्यालय में उपस्थित होने के बावजूद हाजिरी रजिस्टर में व बायोमेट्रिक न लगाने वाले कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के एसडीएम को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घरौंडा तहसील में इंतकाल और निशानदेही के लंबित  कार्यों के निपटान में तेजी लाएं और सभी कार्य ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रणाली के तहत समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने कार्यालय परिसरों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने नगराधीश कार्यालय, एलपीए ब्रांच, तहसील कार्यालय, आरटीआई ब्रांच, एलएफए ब्रांच, सरल केंद्र, ई-दिशा केंद्र तथा एसडीएम कार्यालय का दौरा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लघु सचिवालय में आने वाले किसी भी नागरिक को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी ड्यूटी का ईमानदारी व निष्ठा से निर्वहन करें। आमजन के साथ शालीन व्यवहार किया जाए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *