करनाल, 8 जुलाई।  हरियाणा रेडक्रॉस चंडीगढ़ के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी व महासचिव डॉ सुनील कुमार के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में गत दिवस जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित टार्गेटेड इंटरवेंशन प्रोजेक्ट द्वारा हाई रिस्क पोपुलेशन एरिया के लोगों के लिए जिला रेडक्रॉस कार्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
जिला रेडक्रॉस के सचिव कुलबीर मलिक ने बताया कि आयोजित शिविर में हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, एचआईवी/एड्स तथा सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को इन संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच के लिए प्रेरित करना तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर में आए लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच सरकारी अस्पताल की एक्सपर्ट टीम द्वारा की गई तथा उन्हें एचआईवी/एड्स, हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी से बचाव के उपाय, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने बताया कि शिविर में 30 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। इसके अतिरिक्त 25 व्यक्तियों की एचआईवी जांच की गई जिनमें 3 व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए, 33 व्यक्तियों की एचसीवी जांच की गई जिनमें 14 व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए। वहीं हेपेटाइटिस-बी जांच में एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया। पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों को आवश्यक परामर्श एवं आगे के उपचार हेतु सैंपल सिविल अस्पताल करनाल भेजे गये। इस अवसर पर टीआई परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर एवं समस्त टीआई स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही। सभी ने मिलकर शिविर को सफल बनाने तथा समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सचिव कुलबीर मलिक ने कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं जागरूकता का लाभ पहुंचाया जा सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *