कुरुक्षेत्र, 7 जुलाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुरुक्षेत्र दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) कुरुक्षेत्र की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज के दिशानिर्देशानुसार कुरुक्षेत्र जिले में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया है।
इस अभियान के अंतर्गत नगर परिषद कुरुक्षेत्र के सहयोग से जिले के विभिन्न पार्कों में पौधे और साथ ही 156 स्कूलों में 2652 पौधे लगाए गए। अभियान को सुव्यवस्थित एवं समन्वित ढंग से संचालित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिकतम पर्यावरणीय लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
सीजेएम एवं डीएलएसए सचिव नीतिका भारद्वाज ने कहा कि वृक्षारोपण का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि वृक्ष एवं पौधे पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये वायु की गुणवत्ता में सुधार करते हैं, प्रदूषण को कम करते हैं तथा वर्तमान और भावी पीढिय़ों के लिए एक सतत एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
यह पहल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुरुक्षेत्र की पर्यावरण जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना तथा दैनिक जीवन में वृक्षारोपण के महत्व को रेखांकित करना है। वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से हरित एवं स्वच्छ कुरुक्षेत्र के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
