करनाल 7 जुलाई,         मानसून के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने मंगलवार को भारी वर्षा के बीच स्वयं फील्ड में उतरकर शहर के विभिन्न जलभराव संभावित क्षेत्रों, नालों तथा डिस्पोजल पम्पों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निकासी व्यवस्था का मौके पर जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता पुनीत कुमार, कार्यकारी अभियंता प्रियंका सैनी सहित संबंधित सहायक एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।
कैथल रोड रेलवे फ्लाईओवर के नीचे डिस्पोजल पम्प का किया निरीक्षण।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त सबसे पहले कैथल रोड रेलवे फ्लाईओवर के नीचे स्थित डिस्पोजल पम्प पर पहुंचीं, जहां उन्होंने बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने पम्पों के संचालन, जल निकासी की गति तथा मौके पर तैनात कर्मचारियों से जानकारी ली। इसके उपरांत उन्होंने प्रेम नगर एवं राम नगर क्षेत्र से गुजरने वाले नाले का निरीक्षण कर जल प्रवाह एवं सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया।
हांसी रोड, रमेश नगर, नावल्टी रोड, बासों गेट व मीरा घाटी चौक का किया दौरा।
इसके पश्चात निगमायुक्त ने हांसी रोड स्थित बगवाडिय़ा गैस एजेंसी के समीप नाले तथा रमेश नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने नावल्टी रोड, बासों गेट तथा मीरा घाटी चौक सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का भी दौरा कर बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था का मौके पर मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर जलभराव की संभावना अधिक रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की बाधा को तुरंत दूर किया जाए।
जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के जिस भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो, वहां बिना किसी विलंब के तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता अनुसार जेनसेट, सुपर सकर, जेटिंग मशीन तथा अन्य आवश्यक संसाधनों को तुरंत मौके पर भेजा जाए, ताकि बरसाती पानी की निकासी शीघ्र हो सके और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सभी अभियंता फील्ड में रहें सक्रिय, डिस्पोजल पम्प पूरी क्षमता से चलें।
उन्होंने सभी कनिष्ठ अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लगातार फील्ड में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखें तथा किसी भी शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी डिस्पोजल पम्प एवं इंटरमीडिएट पम्पिंग स्टेशन पूरी क्षमता के साथ संचालित रहें तथा प्रत्येक स्थल पर पर्याप्त मैनपावर उपलब्ध रहे, जिससे जल निकासी कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बारिश के दौरान जलभराव स्वाभाविक, लेकिन निकासी भी लगातार बनी रही- निगमायुक्त।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि अत्यधिक एवं लगातार होने वाली वर्षा के दौरान कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति बनना स्वाभाविक है, लेकिन नगर निगम द्वारा पूर्व तैयारियों एवं सक्रिय निगरानी के कारण बरसाती पानी की निकासी लगातार जारी रही। उन्होंने कहा कि अधिकांश स्थानों पर वर्षा रुकने के कुछ समय बाद ही सडक़ों से पानी पूरी तरह निकल गया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीमें पूरे बरसाती सीजन के दौरान 24 घंटे सक्रिय मोड में कार्य कर रही हैं। जलभराव की संभावनाओं को कम करने के लिए नालों की नियमित सफाई, डिस्पोजल पम्पों का सुचारु संचालन तथा फील्ड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नगर निगम पूरी तरह तैयार है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *