करनाल। शहर की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सोमवार को नगर निगम स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई की। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से सीवरेज, प्रॉपर्टी टैक्स, सड़कों की मरम्मत, पार्कों के रखरखाव, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रकरण सामने आए। महापौर ने कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करवाई, जबकि शेष मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट और समयबद्ध निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्य करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को अपनी जिम्मेदारी समझकर उसका त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। जनहित से जुड़े किसी भी मामले में लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर में बेहतर सीवरेज व्यवस्था, मजबूत सड़क नेटवर्क, स्वच्छता, सुव्यवस्थित पार्क, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक अधिकारी को जनहित सर्वोपरि रखते हुए जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि जनता का विश्वास, सहयोग और सुझाव ही करनाल के समग्र विकास की सबसे बड़ी ताकत हैं। नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव बेझिझक नगर निगम तक पहुंचाएं, ताकि प्रशासन और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए हर वार्ड तक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा सके।

दोहराई जनसेवा की प्रतिबद्धता
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन की सक्रियता, जनसहभागिता और पारदर्शी कार्यशैली के समन्वय से करनाल को स्वच्छता, विकास और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। नगर निगम जनसेवा की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *