कुरुक्षेत्र, 6 जुलाई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सभी बीएलओ अपने मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से 12 बजे तक मौजूद रहेंगे, ताकि मतदाता अपने गणना प्रपत्रों को भरकर जमा करवा सकें। बीएलओ 12 बजे के बाद फील्ड में उतरकर घर-घर दस्तक देंगे और नागरिकों के एन्यूमरेशन फार्म भरकर जमा करवाएंगे। उपायुक्त ने राजनैतिक दलों से अपील की है कि वो मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरकर जमा करवाने के लिए जागरूक करें। जिला में चल रहे एसआईआर कार्य में मतदाता गणना प्रपत्रों का एप के माध्यम से डिजिटाइजेशन सबसे महत्वपूर्ण है। यह काम आगामी 14 जुलाई तक ही हो सकता है। ऐसे में प्रत्येक मतदाता समय रहते प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करा दे। इसके बाद मतदाता को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में एसआईआर को लेकर राजनैतिक दलों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना में एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानकर जिला में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि जिला में 810 बूथों पर एसआईआर का कार्य चल रहा है। सभी 810 बूथों के बीएलओ 783831 मतदाताओं के मतों का विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य कर रहे हैं। अब तक 768428 मतदाताओं को एन्यूमरेशन फार्म बांटे जा चुके हैं और 502748 मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं, जिन्हें डिजिटलाइजेशन किया जा चुका है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सभी ईआरओ-एईआरओ व सुपरवाइजर सहित बीएलओ मतदाताओं से सीधा संपर्क करते हुए गणना प्रपत्रों को भरवाकर एप पर डिजिटाइजेशन कार्य करने में प्रभावी जिम्मेवारी निभा रहे हैं। जिला के विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाकर 14 जुलाई तक  उनका डिजिटाइजेशन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाडवा विधानसभा में 197903 में से 141768 को डिजिटाइज किया जा चुका है। शाहाबाद विधानसभा में 172945 में से 134567 और थानेसर विधानसभा में 223905 में से 108605 को डिजिटाइज किया गया है। इसी तरह पिहोवा विधानसभा में 189078 में से 117808 को डिजिटाइज किया गया है। उन्होंने निकायों को निर्देश दिए कि वो कचरा एकत्रित करने वाली गाड़ियों के माध्यम से अनाउंसमेंट करवाकर इसका प्रचार करें।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि मतदाता सूचियों को अधिक सटीक और अपडेट बनाने के उद्देश्य से 14 जुलाई तक विशेष गणना प्रपत्र भरवाने व डिजिटाइजेशन करने का अभियान चलाया जा रहा है। बूथ लेवल अधिकारी लगातार मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं, ताकि सभी पात्र नागरिकों का विवरण सही रूप में मतदाता सूची में दर्ज किया जा सके। सभी मतदाता गणना अभियान के तहत वितरित किए गए गणना प्रपत्रों को हस्ताक्षर करते हुए आवश्यक जानकारी भरने उपरांत तुरंत बीएलओ को सौंपे। यदि किसी मतदाता ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा नहीं कराया है तो शीघ्र जमा कराएं ताकि समयानुसार एप पर उन्हें डिजिटाइज किया जा सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *