करनाल, 04 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल की मासिक समीक्षा बैठक आज जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिला अध्यक्ष पराग गाबा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के चारों ज़ोन के प्रधानों से उनके-अपने क्षेत्रों में पिछले माह किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष पराग गाबा ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बीच उनकी निरंतर उपस्थिति से ही सुनिश्चित होती है। उन्होंने सभी ज़ोन प्रधानों से जनसंपर्क, संगठन विस्तार तथा जनहित के मुद्दों पर किए गए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी ज़ोन प्रधानों से संगठन विस्तार, वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, आमजन से नियमित संवाद बढ़ाने तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने के संबंध में सुझाव लिए गए। प्राप्त सुझावों के आधार पर आगामी संगठनात्मक रणनीति तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिला अध्यक्ष पराग गाबा ने सभी पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक जिम्मेदारी का समय पर निर्वहन संगठन की मजबूती की पहली शर्त है। उन्होंने बताया कि बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। इसके तहत प्रत्येक 20 बूथों पर एक मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा, जो बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों का समन्वय करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेगा।
ब्लॉक अध्यक्ष एमसी-1 पप्पू लाठर ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने की यह पहल निश्चित रूप से कांग्रेस को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने जिला अध्यक्ष पराग गाबा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि संगठन में कार्यों की नियमित समीक्षा, जवाबदेही और नई जिम्मेदारियों का निर्धारण कार्यकर्ताओं में उत्साह और सक्रियता बढ़ाएगा। उन्होंने जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं एवं जिला अध्यक्ष पराग गाबा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से संगठन पहले से अधिक मजबूत, सक्रिय और जन-जन से जुड़ा हुआ बनेगा।
जिला अध्यक्ष पराग गाबा ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाए तथा संगठन को हर वार्ड और मोहल्ले तक सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करे। उन्होंने सभी ज़ोन प्रधानों से नियमित रूप से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और जनता के बीच कांग्रेस की उपस्थिति को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन को अधिक प्रभावी, सक्रिय और जन-जन से जोड़ने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला अध्यक्ष पराग गाबा सहित पप्पू लाठर, जोगिंदर वाल्मीकि, दिलशेर डांचर, बिंदर पोसवाल, ललित अहूजा, संदीप महाजन, नरेंद्र कुमार अग्घी, शेर सिंह डबरी, पृथ्वी राज भाट, अशोक दुग्गल, रविंद्र कुमार, बलविंदर, परवीन पुनिया, भारत ढिल्लों, राकेश ढकवाला, सुरेश चौधरी, शारदा सिंधु, जितेंद्र कुमार, सुरेश काछवा, युवराज सिंह, रमेश जोगी, विनोद शर्मा, ईशा शर्मा एवं रिशा नैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
