करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शनिवार को सेक्टर-6 स्थित प्रताप पब्लिक स्कूल में आयोजित मॉडल यूनाइटेड नेशन्स (एमयूएन) कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की प्रधानाचार्या, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय के नवाचारपूर्ण प्रयासों की सराहना की।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि मॉडल यूनाइटेड नेशन्स जैसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, प्रभावी संवाद कौशल, आत्मविश्वास तथा वैश्विक मुद्दों के प्रति व्यापक समझ विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे रचनात्मक मंच युवाओं को विचार-विमर्श, सकारात्मक बहस और जिम्मेदार निर्णय लेने की संस्कृति से जोड़ते हैं, जो भविष्य के नेतृत्व निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, संवेदनशील और दूरदर्शी नागरिक तैयार करना है जो समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। प्रताप पब्लिक स्कूल इस दिशा में सराहनीय कार्य करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास के अवसर भी प्रदान कर रहा है।
महापौर ने विद्यालय की प्रधानाचार्या, समस्त अध्यापकगण एवं आयोजन समिति को सफल एवं प्रेरणादायी एमयूएन कार्यक्रम के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि विद्यालय शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा।
इस दौरान छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि आज के जागरूक, आत्मविश्वासी और नवाचारी विद्यार्थी ही कल के सक्षम नेतृत्वकर्ता बनकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद और चेयरपर्सन मेघा भंडारी सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
