कुरुक्षेत्र, 1 जुलाई। अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने कहा कि जिन नागरिकों को परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में जन्म तिथि (डीओबी) सत्यापन के संबंध में एसएमएस प्राप्त हुआ है, वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अटल सेवा केंद्र (एएसके) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नागरिक स्वयं भी सिटीजन बेनिफिशियरी पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए मेरा परिवार डॉट एचपीपीए डॉट इन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जन्म तिथि सत्यापन के लिए तय दस्तावेजों में से किसी एक वैध दस्तावेज का प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य है। इनमें जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, मतदाता पहचान पत्र (वर्ष 2019 अथवा उससे पूर्व जारी), विद्यालय त्याग प्रमाण पत्र सहित विद्यालय के प्रवेश रजिस्टर की प्रमाणित प्रति, दसवीं कक्षा की अंकतालिका (डीएमसी) शामिल है।
अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि आवेदन प्रस्तुत करने के उपरांत जल्द से जल्द प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं सत्यापन नियमानुसार संबंधित कार्यालय द्वारा किया जाएगा। इस कार्य के लिए नागरिकों को व्यक्तिगत रूप से अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय कुरुक्षेत्र आने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को इस संबंध में किसी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी अथवा सहायता की आवश्यकता हो तो वे अपने नजदीकी बीडीपीओ कार्यकाल या म्युनिसिपालिटी में जाकर परिवार पहचान पत्र के कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन प्रस्तुत करने तथा अनावश्यक रूप से कार्यालय में उपस्थित होने से बचने की अपील की है, ताकि सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं सुचारु निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
