कुरुक्षेत्र, 1 जुलाई। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद चंडीगढ़ के निर्देशानुसार व उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला बाल कल्याण परिषद्, कुरुक्षेत्र के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे समर कैंप का भव्य समापन समारोह सफलतापूर्वक हो गया। यह कैंप 1 जून से 30 जून तक बाल भवन कुरुक्षेत्र, मिनी बाल भवन, लाडवा व पेहवा में आयोजित किया गया। कुरुक्षेत्र, लाडवा व पिहोवा केंद्रों पर बच्चों के कौशल को निखारने के लिए नृत्य, मार्शल आर्ट व मेंहदी की कक्षाओं का शानदार आयोजन किया गया। सभी केन्द्रों पर बच्चों को नृत्य के बुनियादी स्टेप्स और कला सिखाई गई। कैंप में बालगीत, पंजाबी-हरियाणवी मैशअप आदि का प्रशिक्षण दिया गया। ब्यूटीशियन में मेंहदी से जुड़ी कला जैसे बाईडल, पाकिस्तानी, वेस्टर्न, अरेबियन मेहंदी का प्रशिक्षण दिया गया। मार्शल आर्ट में बच्चों को आत्मरक्षा के गुर सिखाये गये ताकि समय आने पर वे अपनी रक्षा स्वयं कर सकें।
जिला बाल कल्याण अधिकारी नीलम ने कहा कि बाल भवन में प्रत्येक वर्ष जून में ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसका उद्देश्य बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना, उनके कौशल का विकास करना व ग्रीष्मावकाश का सही उपयोग करना और उनके अंदर छिपी प्रतिभा को मंच देना है। उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी बाल भवन की गतिविधियों में बढ़चढ़ कर भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया। समापन समारोह के अवसर पर बच्चों ने एक महीने में सीखी गई कलाओं का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों दी गई जिसने सभी का मन मोह लिया। कैंप में भाग लेने वाले बच्चों को उनकी लगन और सीखने के जज्बे के लिये प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संदीप, मीना, राज कुमार, सुमित कुमार, संतोष शर्मा, राकी, सुलेखा व सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
