करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने नव नियुक्त नगर निगम आयुक्त आईएएस सलोनी शर्मा के पदभार ग्रहण करने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके प्रशासनिक अनुभव, प्रभावी नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से करनाल नगर निगम जनहित, सुशासन, पारदर्शिता, स्वच्छता और समग्र विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि कर्ण की पावन नगरी करनाल में बतौर निगम आयुक्त पदभार ग्रहण करना निस्संदेह गरिमापूर्ण अनुभूति का परिचायक है। कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक अनुभव एवं जनकल्याणकारी कार्यशैली के मार्गदर्शन में नगर निगम की पूरी टीम विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। साथ ही नागरिक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण, पारदर्शी प्रशासन और जनसेवा को नई मजबूती मिलेगी।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि करनाल तेजी से विकास की ओर अग्रसर शहर है। नगर निगम की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक तक बेहतर मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना, स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा विकास कार्यों को गति प्रदान करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से करनाल को प्रदेश के अग्रणी और आदर्श शहरों की श्रेणी में स्थापित करने का लक्ष्य और अधिक मजबूती से पूरा होगा।
जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम नव नियुक्त आयुक्त के साथ समन्वय और सकारात्मक भावना से कार्य करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साझा प्रयासों से करनाल विकास, सुशासन और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा।
