कुरुक्षेत्र 01 जुलाई। हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संवारने और कला जगत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में जुटे हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी को महेंद्रगढ़ में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह के दौरान सम्मानित किया गया। क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं ने संयुक्त रूप से एक भव्य समारोह का आयोजन कर महेश जोशी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और समाज के प्रति बहुमूल्य योगदान के लिए प्रतिष्ठित विप्र गौरव सम्मान से नवाजा। इस सम्मान समारोह में इलाके के कई गणमान्य लोग, समाज सेवी और सांस्कृतिक प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ब्राहमण सभा महेंद्रगढ़, ब्राहमण सभा कनीना, अग्रवाल सभा, सैनी क्षत्रिय सभा, प्रजापति सभा, व्यापार मण्डल, सामना आर्ट एण्ड कल्चरल ग्रुप, भारत विकास परिषद, अखिल भारतीय विकास परिषद, ब्राहमण सभा अटेली, पर्यावरण विभाग, यादव सभा, ब्राहमण सभा सतनाली, बाल चरित्र निर्माण सभा आदि संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महेश जोशी के उपाध्यक्ष बनने तथा कला के क्षेत्र में उनके विजन की जमकर सराहना की। कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण सभा के प्रधान दिनेश वैद ने कहा कि महेश जोशी ने न केवल हरियाणा की लोक कलाओं और पारंपरिक लोक कलाकारों को एक बड़ा मंच प्रदान किया है, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए भी सराहनीय प्रयास किए हैं। समाज के बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास में उनके इसी समर्पण को देखते हुए उन्हें विप्र गौरव सम्मान की उपाधि से अलंकृत करने का निर्णय लिया गया। महेश जोशी ने महेंद्रगढ़ की पावन धरा और सभी सामाजिक संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि हरियाणा की उस हर विधा और कलाकार का सम्मान है जो अपनी संस्कृति को जीवित रखने के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा, समस्त सामाजिक व सांस्कृतिक संस्थाओं का मूल कर्तव्य समाज को दिशा दिखाना और ज्ञान व संस्कृति का प्रसार करना है। मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभाता रहूंगा। उन्होंने समारोह में उपस्थित युवा पीढ़ी को भी कहा कि वे आधुनिकता की दौड़ में अपनी लोक कलाओं और नैतिक मूल्यों को न भूलें। इस अवसर पर समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने महेश जोशी को पगड़ी तथा स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की।
