पंचकूला। चंडीमंदिर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती के साथ शादीशुदा व्यक्ति ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपित ने झूठ बोलकर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पंचकूला में अपने मामा के घर रह रही है। मामा के घर के पड़ोस में रहने वाले एक शादीशुदा व्यक्ति से उसकी जान-पहचान हुई थी।
आरोपित ने अपनी पत्नी को छोड़ने और उससे शादी करने का झांसा देकर पीड़िता के साथ पहली बार उसके मामा के घर पर ही शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार शादी का बहाना बनाकर पीड़िता के साथ शारीरिक शोषण करता रहा।
शिकायत के मुताबिक, बीते 23 जून को आरोपित ने पीड़िता को अपने बाड़े में बुलाया और उसके साथ फिर से दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने उससे शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपित मुकर गया। उसने कहा कि वह अपनी पत्नी और बच्चों को नहीं छोड़ सकता।
इसके बाद आरोपित ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
