इंद्री/करनाल, 30 जून। जिला कार्यक्रम अधिकारी करनाल के मार्गदर्शन में मंगलवार को इंद्री खंड के सरपंचों के लिए बीडीपीओ कार्यालय इंद्री में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को बाल संरक्षण एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। प्रशिक्षण के दौरान पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकार, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा पोषण अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में बताया गया कि ग्राम स्तर पर सरपंचों की भूमिका बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, पोषण तथा महिलाओं के सशक्तिकरण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिभागियों से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने गांवों में सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, जन-जागरूकता बढ़ाएं तथा बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार के शोषण या अधिकारों के उल्लंघन की सूचना समय पर संबंधित विभाग तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें बाल अधिकारों की रक्षा एवं महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
