करनाल, 30 जून।   उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि जिला की सडक़ों को सुरक्षित बनाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सडक़ सुरक्षा से जुड़े विषय आमजन से संबंधित होते हैं, इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न करें।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा आज  लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला सडक़ सुरक्षा समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में 13 पुराने व 4 नए मामलों पर चर्चा की गई। बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सडक़ों पर लगे सीसीटीवी कैमरे व ट्रैफिक लाईटें कार्यशील होने चाहिए।
बैठक में उपायुक्त ने जुंडला से हथलाना सडक़ पर चल रहे कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मंजूरा से हथलाना सडक़ के विषय पर उन्होंने कहा कि सडक़ बनने तक पैचवर्क का कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कैथल बाइपास पर झिलमिल ढाबे के पास की सर्विस लेन को चौड़ा करने के लिए एसीयूटी, समिति के एक सदस्य व एनएचएआई के अधिकारी की टीम बनाकर विजिट करें और फिजीबिलिटी चेक करें। उन्होंने नगर निगम के अधिकारी को निर्देश दिए कि हांसी चौक व कैथल चौक पर तैनात पुलिस कर्मियों के लिए पुलिस पोस्ट बनाई जाए।
बैठक में आरटीए विजय देशवाल ने बताया कि पुलिस द्वारा मई 2026 में 29 हजार 197 चालान काटे गए। इस अवधि में 73 लाख 20 हजार 700 रुपये जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि गत माह ओवर स्पीड के 5263, बिना हेलमेट के 11010, शराब पीकर वाहन चलाने के 50, बिना आरसी नंबर के 495, बिना लाइसेंस और अंडर ऐज के 334, बिना नंबर प्लेट के 597, लेन चेंज के 2924, गलत दिशा में वाहन चलाने के 794, गलत पार्किंग के 1075, लाल बत्ती उल्लंघन के 756, बिना थर्ड पार्टी बीमा के 2875, जेब्रा क्रॉसिंग के 2096, बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट के 730 और बिना सीट बेल्ट के 17 चालान काटे गए। इसके अलावा आरटीए द्वारा मई 2026 में 253 चालान काट कर एक करोड़ 11 लाख 11 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
आईडीटीआर करनाल द्वारा प्रशिक्षण के लिए मई 2026 में 1291 लोगों का पंजीकरण किया गया जिसमें 1273 के प्रशिक्षण पूरा किया। बैठक में बताया गया कि जिला में हिट एंंड रन के 133 में से 108 केस मुआवजे के लिए मंजूर हो चुके है। जिनमें 63 में जीआईसी द्वारा भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत 199 बसों की चेकिंग की गई जिनमें 12 के चालान किए गए।
बैठक में एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसीयूटी  सोहम शैलेंद्र, आरटीओ विजय देशवाल, डीएसपी सोनू नरवाल,   समिति के गैर सरकारी सदस्य संदीप लाठर, विपिन शर्मा व रमन मिड्ढा सहित निगम व पीडब्ल्यूडी आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एनएच 44 पर निर्मल कुटिया चौक पर बनेंगे एंट्री पॉइंट
सडक़ सुरक्षा समिति की मासिक बैठक के बाद उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर निर्मल कुटिया चौक से लेकर नमस्ते चौक तक एंट्री पॉइंट बनाने की संभावनाओं के लिए निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एंट्री पॉइंट की फिजिबिलिटी चेक करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नमस्ते चौक पर ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए उपायुक्त ने डीएसपी को निर्देश दिए कि सर्विस लेन पर अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहनों को तुरंत हटवाया जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके और जाम की स्थिति पैदा न हो। उपायुक्त  ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नमस्ते चौक और इसके आसपास के आवश्यक बिंदुओं पर जल्द से जल्द ट्रैफिक लाइट लगवाना सुनिश्चित करें।

आमजन सडक़ सुरक्षा नियमों की करें पालना, चालान से बचें
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने जिलावासियों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन न चलाए और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करे। उन्होंने कहा कि इन नियमों की अनदेखी करने पर गंभीर दुर्घटना की संभावना हमेशा बनी रहती है।
उन्होंने यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए  कि जो भी वाहन चालक बिना हेलमेट या बिना सीट बेल्ट के पाया जाए, उसके खिलाफ तुरंत चालान की सख्त कार्रवाई की जाए। सुरक्षा के मामले में कोई ढिलाई नहीं दी जाएगी। उन्होंने शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए आमजन का आह्वान किया कि अपनी गाडिय़ों को सडक़ों पर या नो पार्किंग जोन में न खड़ा करें। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें ताकि आम जनता को असुविधा न हो।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *