करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों से संवाद किया। साथ ही उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया। जबकि शेष मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मामले का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ शीघ्र निपटारा किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम शहर की स्वच्छता, बेहतर सड़कें, सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति बनाए रखने के साथ-साथ जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास, सहयोग और सुझाव ही शहर के समग्र विकास की सबसे बड़ी ताकत हैं। करनाल को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। यदि किसी क्षेत्र में कोई समस्या है तो नागरिक बेहिचक अपनी बात नगर निगम तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते उसका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और आमजन के सामूहिक प्रयासों से करनाल विकास, स्वच्छता और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा तथा शहर निरंतर प्रगति के नए आयाम हासिल करता रहेगा।
