मोरनी। पंचकूला-मोरनी रोड पर गांव जल्लाह के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई और एक अन्य साथी घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर मोरनी से बलटाना लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सूरज अपने भाई चंद्रपाल और दोस्त अमन के साथ बाइक पर सवार था। गांव जल्लाह के निकट अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत तीनों घायलों को अपनी कार से सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान सूरज को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल चंद्रपाल को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जबकि अमन का इलाज नागरिक अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
